Posted in CHAUPAAL (DIL SE DIL TAK)

ज़िन्दगी में कभी लॉकडाउन नहीं होता…

साँसे तो हमें रोज लेनी है
भूख भी रोज ही लगनी है
सच है कि साँस उखड़ने से पहले
ज़िन्दगी में कभी लॉकडाउन नहीं होता…

मेहनत रोज ही करनी है
रोटी भी रोज कमानी है
उन्हें चलाने हैं फावड़े, कन्नी और बँसुली
मजदूरों की ज़िन्दगी में लॉकडाउन नहीं होता…

नदिया रोज है बहती
हवा भी रोज है चलती
करने को दिन-रात सूरज-चाँद रोज निकलते
इस प्रकृति के चक्र का लॉकडाउन नहीं होता…

रसोई रोज लगती है
थालियाँ रोज सजती है
रखने को ख्याल वो दिन भर लगी रहती
माँ की ज़िन्दगी में लॉकडाउन नहीं होता…

जीवन का नाम हैं चलने का
नहीं रुकने का नहीं ठहरने का
दौर मुश्किल, जरूरत है समझने की
इन दूरियों से नजदीकियों का लॉकडाउन नहीं होता…

तुम एक पल को बैठ सकते हो
अपने घर में रुक भी सकते हो
जिन्हें जरूरी है निकलना उनको मौका दो
आवश्यक सेवाओं का कभी लॉकडाउन नहीं होता…

प्रगति ने एक एक दौड़ शुरू की है
न चाहते हुए हमने दौड़ जारी रखी है
मौका मिला है रुक कर साँस लेने को
मुड़कर देखने को समय में लॉकडाउन नहीं होता…

किस्मत हमारी कितनी न्यारी है
शब्दों और कलम से हमारी यारी है
लिखना-पढ़ना ही है जीविका हमारी
घर बैठ काम करने को सबको लॉकडाउन नहीं मिलता…

©️®️लॉकडाउन/अनुनाद/आनन्द कनौजिया/०२.०५.२०२१

फोटू: साभार इंटरनेट

Posted in CHAUPAAL (DIL SE DIL TAK)

अपरोक्ष अनियोजित हत्या (indirect unplanned murder)

आज हम अपनी मौत नहीं मर रहे, हम सिस्टम की दी हुयी मौत मर रहे हैं।

लिखते वक्त मन बहुत दुःखी है। लेकिन लिखना जरूरी है, अपने लिए और आपके लिए!

हत्या दो तरह की होती है।

  1. प्लांड मर्डर – जिसमें आप चाहकर किसी की गोली मारकर हत्या कर दें या इसी तरह से कुछ और …..! ये वन टू वन होती है और परिभाषित है और इसकी सजा तय है।
  2. अनप्लांड मर्डर-
    इस तरह की हत्या में मरने वाले व्यक्ति को, आवश्यक चीजें जिससे उसकी जान बच सकती थी, वो दी ही न जाये या फिर परिस्थितियाँ ऐसी उत्पन्न कर दी जाएँ की वो आवश्यक चीजें मिल ही न पाए। इसमें भी दो तरीके हैं-
    क. डायरेक्ट अनप्लांड मर्डर
    ख. इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर

क में वह व्यक्ति/संस्था है जिसके पास जीवन रक्षक वस्तु उपलब्ध थी और वो आवश्यक वस्तु दे सकता था और उसने लापरवाही या इरादतन नहीं दी और जरूरतमंद व्यक्ति की मृत्यु हो गई। इसकी भी सजा तय की जा सकती है किन्तु प्रक्रिया लम्बी है।

में वह है जिसमें किसी भी चीज की उपलब्धता को एक तन्त्र बना हुआ है जिसे कोई शासन/प्रशासन/संस्था नियंत्रित करती है किन्तु यह शासन/प्रशासन/संस्था इतनी लचर हो कि वो आवश्यकताओं का सही आँकलन न करे या कर पाये और उन आवश्य्क वस्तुओं की कमी हो जाये जिससे किसी जरुरतमंद को अपनी जान गँवानी पड़ जाये। इस अनप्लांड मर्डर में मौतों की संख्या अधिक होती है। ये मौतें एक साथ भी हो सकती हैं या एक के बाद एक क्रम में। इसमें कोई एक व्यक्ति जिम्मेदार नहीं होता और न ही इसकी कोई परिभाषा तय है जिसके तहत सजा दी जा सके। बस अब हमें यही समझने की जरूरत है।

ये ख वाली स्थिति देश में हमेशा से चली आ रही है। अब हमें इसे परिभाषित करने की जरूरत है। जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है। सजा देने की जरूरत है। अधिकतर ऐसे जिम्मेदार लोग शीर्ष पर बैठे होते हैं जो अपने प्रभाव से बच निकलते हैं या फिर किसी निर्दोष को जिम्मेदार बनाकर उसकी बारात निकाल देते हैं और फिर वो निर्दोष मुंह दिखाने लायक नहीं रहता और जनता-जनार्दन भी इस फैसले से संतोष कर लेती है।

ये अनप्लांड मर्डर हमारे सिस्टम में गहरे उतर चुके हैं या कहें तो सिस्टम बन चुके हैं। इसलिए अब ये सामने होते हुए भी दिखाई नहीं देते और आम जनमानस इसे अपना चुका है तथा किस्मत मानकर आपबीती को भगवान के ऊपर डालकर संतोष कर लेता है। ये इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर, प्लांड मर्डर से कहीं ज्यादा खतरनाक हैं और इनकी एक घटना एक बड़े जन-समुदाय को प्रभावित करती है। घटना की व्यापकता को देखकर अब इस इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर को प्लांड मर्डर की श्रेणी में रखते हुए निर्णय लेने की जरुरत है। समय आ गया है जिम्मेदारी तय करके सजा देने की जिससे भुक्तभोगी परिवार को न्याय मिल सके और दोबारा किसी अन्य के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से बचा जा सके।

“आप समझदार पढ़े-लिखे और सिस्टम को करीब से देखने वालों में से हैं। आपका कोई करीबी बीमार है और उसकी स्थिति से आप वाकिफ हैं कि इस स्थिति में उसे ये निर्धारित उपचार मिल जाये और उस उपचार की कीमत भी देने को तैयार हैं फिर भी आपको सिस्टम की अव्यवस्था की वजह से वो उपचार नहीं मिल पाता। आपका वो करीबी किसी आइसोलेशन वार्ड में डाल दिया जाता है तथा उसकी कोई जानकारी जब आपको अगले १२-१४ घण्टे तक न दी जाये। आप कशमकश में रहे, कोई युक्ति न लगे और अंत में आपको उस करीबी की मौत की खबर दी जाये तो आप के आँखों के सामने अँधेरा छा जायेगा। आप बदहवास हो जायेंगे। सब कुछ लुटा हुवा सा महसूस होगा। असहाय, लाचार, बेबसी ! आप चीखना चाहते हो, मगर चीख नहीं सकते। रोना चाहते हो, मगर रो नहीं सकते। किसको दोष दें। समझदार व्यक्ति तो ईश्वर को भी दोष नहीं दे सकता। वो तो तर्क में विश्वास रखता है और ईश्वर तो तर्क-कुतर्क से ऊपर की बात है। आपको पता है कि वो करीबी बच सकता था लेकिन लापरवाही और अव्यवस्थाओं ने उसे असमय काल के गाल में भेज दिया।”

पिछले कुछ दिनों में बेहद करीब से ये दर्द महसूस किया है। विचलित हूँ। ये एक के साथ हुवा है। ये कई और लोगों की साथ भी हुवा है और हो रहा होगा। मेरे साथ हो सकता है। आपके साथ हो सकता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि मेरे अंतस की आवाज उन नियंत्रकों तक पहुंच जाय जो इस सिस्टम को चला रहे हैं। ईश्वर सबको सद्बुद्धि दे। ईश्वर ऐसी दशा से बचायें। महामारी वापस जाये।

इस इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर के कई रूप हैं। फिर इस तरह की इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर का कोई और शिकार न हो !

आप सबके लिए प्रार्थना 🙏
ईश्वर सबको स्वस्थ एवं खुश रखे !

©️®️इनडायरेक्ट अनप्लांड मर्डर/अनुनाद/आनन्द कनौजिया/१९.०४.२०२१

फोटू: साभार इण्टरनेट