बसंत पंचमी तो हम IIT BHU के हॉस्टल में मनाते थे। क्या तैयारियाँ रहती थी। ओड़िशा के देबाशीष भैया पुरोहित के फुल गेट-अप में। हम भी शीश झुकाए फुल श्रद्धा में! पूरे विधि विधान से पूजा और फिर प्रसाद…… !
एक तो हम विद्यार्थी! ऊपर से इंजीनियरिंग के! इसके ऊपर काशी में! इसके बहुत ऊपर हम हॉस्टल में! इसके बहुत-२ ऊपर हम आई०आई०टी बी०एच० यू० के! हुड़दंगयीं के अलावा होस्टल में कुछ और होता ही नहीं था। डी०सी० प्लस प्लस का एच डी कॉन्टेंट और गोदौलिया के भांग के नशे में सराबोर हम सब को किसी और काम के लिए फुरसत ही कहाँ होती थी।
लेकिन सरस्वती पूजा को तैयारी पूरे दम से होती थी। बिहारी भाइयों का इसमें जबरदस्त योगदान होता था। उनकी श्रद्धा देखते ही बनती थी। अब माँ सरस्वती के आशीर्वाद से हम यहाँ थे तो उनके प्रति श्रद्धा की कमीं का तो सवाल ही नहीं उठता। माँ के प्रति कैसी श्रद्धा? वहाँ तो प्यार होता है, दुलार होता है और अपनापन होता है। बस …….
आज बी०एच० यू० से दूर हुए कई वर्ष हो गए मगर सरस्वती पूजा की यादें वैसी ही हैं! बिल्कुल जैसे कल की बात हो। देबाशीष भैया का पुरोहित वाला अवतार भी हमेशा याद रहेगा 😀
माँ सरस्वती अपनी कृपा अनुनाद और हम सब पर बनाएँ रखें। बसन्त पंचमी की आप सभी को ढेरों शुभकामनाएँ 🙏
जीवन को लेकर बड़ी-२ बातें करने वाले कभी-२ जीवन की आधारभूत बातों को भूल जाते हैं। जबकि इन आधारभूत बातों का पालन करके ही वे बड़ी-२ बात कर रहे होते हैं। लेकिन नियम किसी को नहीं भूलते, वो सब पर बराबर से लागू होते हैं।
विद्युत अभियांत्रिकी के विद्यार्थी लेन्ज़ के नियम को ही देख लें। ये अभियांत्रिकी, विज्ञान, कुछ विशेष उत्पन्न करके कुछ नया नहीं बताएँ हैं, बस घर-गृहस्थी और समाज से निकले व्यवहार के सारांश को हम पर टोप दिएँ हैं और हम पढ़ाई काल से लेकर आज तक यही समझते रहे कि हम कुछ विशेष पढ़ लिए हैं और दुनिया से अलग हैं। सारी पढ़ी हुई परिभाषाएँ, नियम, कायदे, कानून तो हम अब चरितार्थ होते देख रहें हैं और असली में समझ तो अब आया है।
“ज़िन्दगी एक इंडक्शन मोटर है।” ज़िन्दगी की इससे अच्छी, सटीक, और कम शब्दों में पूर्णतः व्यवहारिक परिभाषा और कोई नहीं दे सकता। इसका मुझे घमंड भी है। ज़िन्दगी को परफेक्ट करना है तो एक बाह्य बल लगाकर इसे सिंक्रोनस मोटर भी बना सकते हैं। और फिर गति में थोड़ा सा परिवर्तन कर आप इसे जनरेटर और मोटर दोनों की भाँति प्रयोग कर सकते हैं। मतलब जब कमजोर पड़ें तो समाज से लें और मजबूत हो जाएँ तो समाज को वापस कर दें। अन्यथा की स्थिति में हर व्यक्ति इंडक्शन मोटर ही है।
“इंडक्शन मोटर से सिंक्रोनस मोटर में खुद को बदल लेना ही सफलता है। बस……..!”
आज का ज्ञान इतना ही! आगे इसका विश्लेषण जारी रहेगा………..
नोट: जो विद्युत अभियन्ता समाज को नहीं समझ पाते और अभियन्ता होने के दम्भ में ही रहते हैं उनके लिए ये लेख विशेष रूप से समर्पित। समय रहते समझना चाहें तो समझ लें अन्यथा ज़िन्दगी समझाएगी ही! वो भी अपनी लाठी से। हा हा ….😁😎
शाम का चाँद…… कितना अजीब लगता है न ! शायद न भी लगता हो ! लेकिन अगर सोच कर देखा जाये तो कुछ अजीब ही लगेगा। हमेशा से चाँद को रात में ही निकलना होता है या फिर हम उसके रात में ही निकलने की बात करते हैं। शायद हमने ही तय कर दिया है कि चाँद रात में निकलता है इसलिए जब कभी हम शाम में, रात से पहले चाँद को निकला हुआ देखते हैं तो अजीब लगता है। शायद रवायतें यूँ ही बनती हैं और जब कोई इन रवायतों से बाहर निकल कर कुछ अलग करता है तो उसकी ये हरकत अजीब अथवा पागलपन की श्रेणी में रखी जाती हैं।
आज शाम बालकनी में लगाए छोटी सी बागवानी में यूँ ही टहल रहा था तो चाँद पर नज़र पड़ी। अरे भाई … इन्हें इतनी जल्दी क्या थी जो अभी से चले आये ! कोई बात तो जरूर है ! हम ठहरे आशिक मिज़ाज आदमी ! सो हर किसी को इश्क़ में ही समझते हैं! तो हमें लगा कि हो न हो ये चाँद भी किसी के इश्क़ में जरूर है इसलिए जिसके इश्क़ में हैं उसके दर्शन को आतुर होकर समय का हिसाब रखना भूल गए। आतुरता तो बस देखते ही बन रही थी चाँद महाशय की। इतने कोहरे और इतने ठंड के बीच किसी को देखने की आस लगाए टिमटिमा रहे थे कि बस इनके महबूब की नज़र पड़ जाये इन पर और इनकी आज की हाज़िरी कुछ जल्दी लग जाये। दिल की बात तो कह नहीं सकते तो अपने हाव-भाव और आतुरता से सब जाहिर कर रहे थे। शायद इनके महबूब को इनकी इस अजीब हरकत से इनके इश्क़ का आभास हो जाये और इनका काम बन जाये।
प्यार में पड़ा व्यक्ति भी कुछ ऐसा ही होता है न ! हर वक़्त एक ही ख्याल ! सारी सुध-बुध खो बैठता है और होठों पर एक ही नाम – महबूब का! उसकी सुबह उसी के नाम से शुरू, शाम उसके इंतज़ार में और रात उसकी जुदाई में रोकर ख़त्म होती है। दुनिया की नज़र में ऐसा व्यक्ति पागल के सिवा कुछ और नहीं दिखता। ऐसा व्यक्ति रेडियो एक्टिव मैटेरियल जैसा होता है बिलकुल टूट कर बिखरने को तैयार ! बस कोई उसके सामने उसके महबूब का नाम रुपी न्यूट्रान उसकी ओर उछाल दे। हाहा……कितनी अजीब स्थिति होती है !शब्दों में बयाँ करना मुश्किल हैं इसलिए तो इंसान ने गीत संगीत धुन ग़ज़ल आदि रचे हैं और अपने दिल की बात करने को वाद्य यंत्रों का सहारा लेता है। वरना दिल के भावों को इतना सटीक संचारित कैसे किया जाता!
ईश्वर ने बहुत सोचकर ये शाम बनायी होगी। दिन और रात की सन्धि बेला। तुम्हारे बिना गुज़रते दिन को रोकने की कोशिश और तुम्हारे बिना आती रात से दूर भागने का प्रयास। ऐसे समय में तुम्हारा न होना ही ठीक है, बस एक मित्र हो जिससे तुम्हारीं बातें की जा सके ! ढेरों बातें ! बातें जो कभी ख़त्म न होंगी ! न जानें कितनी शामें और कितनी रातें कट सकती हैं तुम्हारी बातों में !
ये चाँद आज तुम्हारे लिए नहीं आया है…… ये किसी मित्र की खोज में आया है। जिसके साथ ये शाम गुज़ार सके, तुम्हारी बातें करते हुए। आज इसे मैं मिल गया! मैं भी बच कर निकलना चाह रहा था लेकिन बच न पाया और इसकी पूरी कहानी सुननी पड़ी। चाँद का यूँ भटकना, शाम और रात का ख्याल न रखना, नशेड़ियों की तरह कभी इधर तो कभी उधर, पागलों सी हरकत कोई अजीब और नयी चीज नहीं है। इश्क में पड़े व्यक्ति की ये बिलकुल सामान्य हरकत है !
दिल कुछ यूँ गुनगुनाता है कि :-
आज चाँद को शाम में ही निकला हुवा देखा,
तेरे इश्क़ में उसने समय का ख्याल ही नहीं रखा।
पाने को झलक तेरी वो दीवाना आतुर बड़ा था,
पागलपन में देखो वो रात से पहले आकर खड़ा था।
उसके इस क़दर बेवक़्त चले आने से बातें खूब बनेंगी,
मगर देखो बिन महबूब एक दीवाने की रात कैसे कटेगी।
अब चले ही आये हो तो बैठो कुछ पल को हमारे साथ,
बेचैन दिल को तुम्हारे अच्छा लगेगा इस दिल जले का साथ।
भटकना तुम्हारा और मेरी गली आ जाना कोई संयोग नहीं,
एक भटके हुए मुसाफ़िर का ठिकाना तुमको मिलेगा यहीं।
कुछ तुम अपनी सुनाना, कुछ हम अपनी आप बीती सुनाएंगे,
आज की पूरी रात हम दोनों बस उनकी बातों में ही बिताएंगे।
देखो चाँद एक नसीहत ले लो मेरी आगे काम आएगी,
यूँ बेवजह बेवक़्त न निकला करो वरना कहानी बन जाएगी।
जब भी निकलने का मन करे और दिल बेहद बेताब हो,
याद मुझको करना कि आ जाओ आज शाम कुछ बात हो।
ये दुनिया रवायतों की अजीब है, तुमको हमको न समझ पायेगी ,
इश्क़ करने वालों की बिरादरी ही तुम्हारी आतुरता समझ पायेगी।
देखो आगे से बेचैनी में बिना समय इधर-उधर न निकल जाना,
बहलाने को मन तुम दबे पैर चुपके से हमारी गली चले आना।